सिमडेगा पुलिस ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसका निकाह कराने की कथित साजिश के मामले में एक महिला और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमला जिले के गोसनगर निवासी फिरोज खान उर्फ कोटन खान, उसके बड़े भाई नौशान खान उर्फ नीरा खान और उनकी मां सायरा खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर दी धमकी
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि सिमडेगा थाना क्षेत्र के निवासी पीड़िता के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, फिरोज खान की मां सायरा खातून ने उनकी नाबालिग बेटी से विवाह का प्रस्ताव रखा था। बेटी की कम उम्र और नाबालिग होने के कारण परिजनों ने प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आरोप है कि विवाह का प्रस्ताव खारिज किए जाने के बाद फिरोज के बड़े भाई नौशान खान और उनकी मां सायरा खातून ने फोन कर पीड़िता के पिता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
चार अक्तूबर से लापता थी नाबालिग
पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार, चार अक्तूबर को उनकी नाबालिग बेटी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान आरोपी नौशान खान ने पीड़िता के पिता को फोन कर कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई और मां के साथ नाबालिग को ले गया है। उसने लड़की का निकाह कराने की बात भी कही। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों से लड़की को वापस भेजने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने उसे वापस नहीं भेजा।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।