सार
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन के लिए 22, 23 और 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से संबंधित पीजी विभागों में साक्षात्कार होंगे। वर्ष 2009 के नियमन के तहत कोर्स वर्क पूरा कर चुके करीब 117 पुराने अभ्यर्थियों को भी राहत मिलेगी।
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया को गति देते हुए 22 अक्तूबर से साक्षात्कार शुरू होंगे। कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
पीएचडी नियमन-2026 के तहत विभिन्न विषयों में नामांकन के लिए साक्षात्कार 22, 23 और 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से संबंधित स्नातकोत्तर (पीजी) विभागों में होंगे। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर अपने संबंधित विभाग में उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल होना होगा। विभागवार साक्षात्कार की प्रक्रिया संबंधित पीजी विभागों के स्तर पर पूरी की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के बाद विभागों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
117 पुराने अभ्यर्थियों को राहत
रिसर्च निदेशक डॉ. परवेज हसन ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2009 के नियमन के तहत कोर्स वर्क पूरा कर चुके अभ्यर्थियों को राहत दी है। ऐसे अभ्यर्थियों को नई नामांकन प्रक्रिया के तहत आगे की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न पीजी विभागों के करीब 117 ऐसे अभ्यर्थियों की पहचान कर सूची तैयार की गई है। इन अभ्यर्थियों के लिए पीएचडी प्रक्रिया में आगे बढ़ने का रास्ता साफ होगा।
डॉ. परवेज हसन ने बताया कि चिह्नित 117 अभ्यर्थियों की सूची 24 अक्तूबर से पहले संबंधित विभागों को भेजी जाएगी। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से लंबे समय से पीएचडी प्रक्रिया में आगे बढ़ने की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।