जिला एवं अपर सत्र अदालत ने प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के 10 लाख रुपये के इनामी रहे जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर विभिन्न धाराओं में कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-तीन भूपेश कुमार की अदालत ने सजा पर सुनवाई के दौरान अपराध की गंभीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के खतरे को मुख्य आधार माना।
वर्चुअल माध्यम से जेल से पेश हुए माओवादी कमांडर ने अदालत के समक्ष अपनी गरीबी और परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य होने की दलील देते हुए दया की गुहार लगाई थी। वहीं अभियोजन पक्ष के अपर लोक अभियोजक ने उसके लंबे आपराधिक इतिहास और प्रतिबंधित संगठन में उच्च पद का हवाला देकर सख्त सजा की मांग की। अदालत ने सभी दलीलों पर विचार करते हुए कहा कि अवैध हथियारों का कब्जा सार्वजनिक शांति व कानून-व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है।
चार धाराओं के तहत सुनाया गया फैसला
अदालत ने दोषी राम प्रसाद लकड़ा को आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की चार अलग-अलग धाराओं में सजा सुनाई है। इसमें आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ए) और धारा 26(2) सहपठित धारा 35 के तहत 10-10 वर्ष का कठोर कारावास और 30-30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) सहपठित धारा 35 और सीएलए एक्ट की धारा 17 के तहत तीन-तीन वर्ष की सजा और 10-10 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया है।
अदालत ने निर्देश दिया कि जुर्माना न देने पर आरोपी को अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। हालांकि सभी मुख्य सजाएं एक साथ चलेंगी, जिससे दोषी को प्रभावी रूप से 10 वर्ष जेल में बिताने होंगे। उसकी न्यायिक हिरासत की पुरानी अवधि का इसमें समायोजन किया जाएगा।
अभियोजन ने प्रस्तुत किए सत्रह गवाह
मामले को साबित करने के लिए अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने कुल 17 गवाह पेश किए। इन गवाहों में मुठभेड़ में शामिल पुलिस अधिकारी, जांच अधिकारी और चिकित्सीय विशेषज्ञ शामिल थे। तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक अभियान पवन कुमार सिंह और तत्कालीन थाना प्रभारी धर्मपाल कुमार ने भी अदालत में अपनी गवाही प्रस्तुत की। अदालत में पुलिस की ओर से प्राथमिकी, जब्ती सूची, विशेषज्ञ रिपोर्ट और अभियोजन स्वीकृति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज पेश किए गए। इन साक्ष्यों और बयानों के सूक्ष्म परीक्षण के पश्चात अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया।
कटकाही नाला जंगल से हुई गिरफ्तारी
यह मामला 11 जून, 2015 का है, जब चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक पवन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा को उसके दो अन्य साथियों जीवन तिर्की और फ्रांसिस खलखो के साथ पकड़ा था। पुलिस ने मौके से छह नियमित राइफल, लगभग 300 कारतूस, विस्फोटक सामग्री और नक्सली पोशाक बरामद की थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी लगभग 22 वर्षों से माओवादी संगठन में सक्रिय था।