फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: शादी के बाद पढ़ाई और नौकरी करना पत्नी का हक, पति की अनुमति जरूरी नहीं; हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी

Tue, 10 Nov 2026 04:43 PM IST
तरुणेंद्र कुमार चतुर्वेदी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड हाईकोर्ट ने एक अहम टिप्पणी में कहा है कि शादी के बाद पत्नी का उच्च शिक्षा हासिल करना और नौकरी करना उसका अधिकार है, न कि पति की मेहरबानी। अदालत ने इसे लैंगिक समानता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पति की ओर से मानसिक और शारीरिक क्रूरता के आधार पर पत्नी को तलाक की मंजूरी दे दी।
विज्ञापन
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड हाईकोर्ट ने कहा है कि शादी के बाद पत्नी का उच्च शिक्षा हासिल करना और नौकरी करना उसका अधिकार है, न कि पति की मेहरबानी। पत्नी की पढ़ाई या नौकरी करने की इच्छा को महत्वाकांक्षा अथवा जरूरत से ज्यादा महत्वाकांक्षा बताना लैंगिक भेदभाव वाली सोच है। पति और पत्नी विवाह में बराबर के साझेदार हैं। दोनों में न कोई श्रेष्ठ है और न कोई अधीनस्थ।  
विज्ञापन


मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने जमशेदपुर की रेणुका की ओर से दायर प्रथम अपील पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। अदालत ने पति की ओर से मानसिक और शारीरिक क्रूरता किए जाने के आधार पर पत्नी को तलाक की मंजूरी दे दी। साथ ही फैमिली कोर्ट, जमशेदपुर के उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसमें 16 मार्च 2019 को पत्नी की तलाक याचिका खारिज कर दी गई थी।

हाईकोर्ट में अपील के दौरान पत्नी की ओर से पेश साक्ष्यों पर विचार किया गया। पत्नी ने फैमिली कोर्ट में खुद गवाही दी थी। उसके पिता अलख राम और पड़ोसी पंकज कुमार सिंह ने भी उसके आरोपों की पुष्टि की थी। इसके बावजूद पति ने न तो कोई गवाह पेश किया और न ही पत्नी तथा उसके गवाहों से प्रभावी जिरह की। खंडपीठ ने कहा कि पति ने लिखित जवाब में आरोपों से इनकार जरूर किया, लेकिन उसका जवाब अस्पष्ट और सामान्य था।
विज्ञापन


सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के आदेश आठ के नियम 3, 4 और 5 के तहत आरोपों का स्पष्ट और बिंदुवार खंडन करना जरूरी है। केवल सामान्य रूप से इनकार करना पर्याप्त नहीं है। अदालत ने माना कि फैमिली कोर्ट ने पत्नी की लगभग निर्विवाद गवाही को नजरअंदाज कर गलती की। खंडपीठ ने फैमिली कोर्ट की उस टिप्पणी से भी असहमति जताई, जिसमें पत्नी को महत्वाकांक्षी बताते हुए उसकी पढ़ाई और नौकरी को पति के उदार एवं सहयोगी व्यवहार का परिणाम माना गया था।

ये भी पढ़ें- झारखंड: निशा भगत की मौत पर सरकार को घेरेगा विपक्ष, भाजपा-जयराम महतो और आदिवासी संगठनों ने कसी कमर
विज्ञापन


हाईकोर्ट ने कहा कि यदि पति शादी के बाद पढ़ाई करता है या नौकरी करता है तो इसे सामान्य माना जाता है। ऐसे में पत्नी के पढ़ने या नौकरी करने पर उसे महत्वाकांक्षी बताना उचित नहीं है। इस तरह की लैंगिक सोच को न्यायिक फैसलों का आधार नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने इसी आधार पर फैमिली कोर्ट का फैसला रद्द करते हुए पत्नी को तलाक की अनुमति दे दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें