फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संताल बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार: हाईकोर्ट ने कहा- परंपरा का हवाला देकर महिलाओं को हक न देना अनुचित

Mon, 23 Nov 2026 10:26 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड हाईकोर्ट ने संताल समाज की बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित करने की कथित परंपरा पर अहम फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि ऐसी प्रथा का दावा करने वालों को ठोस प्रमाण देने होंगे। जामताड़ा के 41 साल पुराने जमीन विवाद में प्रतिवादियों की अपील खारिज कर दी गई।
विज्ञापन
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड उच्च न्यायालय ने संताल आदिवासी समाज की बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार देने से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की पीठ ने स्पष्ट किया कि बिना किसी ठोस प्रमाण के बेटियों को उनके पिता की पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संताल समुदाय में बेटियों को संपत्ति में हिस्सा न मिलने की प्रथा है, तो उसे ठोस सबूतों के साथ यह साबित करना होगा कि ऐसी प्रथा प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और वर्तमान में भी निरंतर प्रचलन में है।
विज्ञापन


इस निर्णय के साथ ही उच्च न्यायालय ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित तुरका गांव के 41 वर्ष पुराने जमीन विवाद की अपील को खारिज कर दिया है। अदालत ने वर्ष 2006 में अपीलीय अदालत द्वारा दिए गए फैसले को पूरी तरह बरकरार रखा है।

ये भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट: पत्नी को परेशान करने पर पति पर 25 हजार रुपये हर्जाना, लगातार स्थगन मांगे जाने पर अदालत सख्त
विज्ञापन


जामताड़ा के तुरका गांव का चार दशक पुराना विवाद
यह विवाद जामताड़ा जिले के तुरका गांव स्थित पैतृक जमीन के मालिकाना हक को लेकर वर्ष 1985 में शुरू हुआ था। एक महिला ने पिता की संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक की घोषणा के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। इस मामले में 5 अक्तूबर, 1996 को निचली अदालत ने वादी महिला को पूरी संपत्ति देने के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का हकदार माना था। महिला ने निचली अदालत के इस आदेश को अपीलीय अदालत में चुनौती दी। इसके बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत ने 4 मार्च, 2006 को निचली अदालत के आदेश में संशोधन करते हुए संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर महिला के पक्ष में मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी। इस फैसले के विरोध में सनातन हेंब्रम और अन्य प्रतिवादियों ने वर्ष 2006 में झारखंड उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी। मुकदमे की सुनवाई जारी रहने के दौरान मूल वादी महिला का निधन हो गया, जिसके बाद उनके कानूनी उत्तराधिकारी इस मामले की पैरवी कर रहे थे।

घरजमाई प्रथा के तर्क पर अदालत की अहम टिप्पणी
उच्च न्यायालय में अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संताल समुदाय में सामान्य तौर पर बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता। उन्होंने तर्क दिया कि बेटी को संपत्ति में हिस्सा केवल तभी मिल सकता है, जब उसका विवाह घरजमाई प्रथा के तहत हुआ हो, क्योंकि इस व्यवस्था में घरजमाई को दत्तक पुत्र माना जाता है। चूंकि वादी महिला का विवाह इस प्रथा के तहत नहीं हुआ था, इसलिए अपीलकर्ताओं ने पैतृक संपत्ति पर उनके अधिकार का विरोध किया। इस पर उच्च न्यायालय ने कहा कि जो पक्ष सामान्य कानून से हटकर किसी परंपरा के आधार पर अधिकार मांगता है, उसे साबित करने की जिम्मेदारी भी उसी पक्ष की होती है। प्रतिवादी ऐसा कोई ठोस प्रमाण पेश करने में विफल रहे जिससे यह सिद्ध हो सके कि बेटियों को संपत्ति से बेदखल करने की यह कथित प्रथा वर्तमान में भी समान रूप से लागू है।
विज्ञापन


सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले का दिया हवाला
पीठ ने टिप्पणी की कि समय और जनमत के साथ संताल समाज में भी महिलाओं की स्थिति तथा उनके अधिकारों को लेकर सकारात्मक बदलाव आया है। अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के चर्चित मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य मामले के ऐतिहासिक फैसले का उल्लेख किया। उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि वैधानिक प्रविधानों और ठोस प्रमाण के अभाव में महिलाओं के साथ भेदभाव करने वाली किसी भी कथित प्रथा को स्वीकार नहीं किया जा सकता। अदालत ने माना कि केवल किसी सामाजिक परंपरा का हवाला देकर महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना अनुचित है। इस आधार पर उच्च न्यायालय ने प्रतिवादियों की अपील खारिज कर दी और वर्ष 2006 में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश द्वारा दिए गए फैसले की पुष्टि की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें