पलामू के मेदिनीनगर में नवजात का शव कुत्ते के मुंह में मिलने के मामले में प्रशासन ने उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नवजात की मौत और शव फेंकने के मामले की जांच जारी है।
झारखंड के पलामू जिले में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ते के मुंह में नवजात का शव मिलने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के बाद पास स्थित उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तम हॉस्पिटल में प्रसव के बाद नवजात का शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस की ओर फेंका गया था।
सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया कि उत्तम हॉस्पिटल से दो महिलाएं नवजात का शव लेकर बाहर निकलीं और उसे पोस्टमार्टम हाउस की ओर फेंक दिया। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित अस्पताल और निपुण अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस और झाड़ियों में की गई तलाशी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर, पोस्टमार्टम हाउस के आसपास और झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। इस घटना से जुड़ी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में भी दर्ज हुई थीं।