विद्यालय परिसर में छात्र के साथ अमर्यादित व्यवहार और पिटाई करने के मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक सुयश आनंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग ने 19 नवंबर को इस संबंध में औपचारिक कार्यालय आदेश जारी करते हुए शिक्षक को विभागीय कार्रवाई के अधीन कर दिया है। शिक्षक सुयश आनंद मूल रूप से उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चांदडीह में पदस्थापित हैं और वर्तमान समय में मोहनपुर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, झारखंडी में प्रतिनियोजित थे।
प्रभारी प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट से खुलासा
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, झारखंडी के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पांच और 12 नवंबर को शिक्षा विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि बीते चार नवंबर को शिक्षक सुयश आनंद ने स्कूल परिसर में एक छात्र के साथ मारपीट और अमर्यादित व्यवहार किया था। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अपनी रिपोर्ट और शिकायत के साथ घटना का सीसीटीवी फुटेज भी विभाग को उपलब्ध कराया था, जिससे मामले और आरोपों की सत्यता सामने आई।
ये भी पढ़ें-
झारखंड: संविदा कर्मियों के नियमितीकरण पर नए सिरे से करें विचार, हाई कोर्ट ने नगर निगम को सेवा से हटाने पर रोका
असंतोषजनक जवाब पर कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने इस मामले को लेकर संबंधित शिक्षक सुयश आनंद से सात और 12 नवंबर को लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन शिक्षक का जवाब पूरी तरह असंतोषजनक पाया गया। इसके पश्चात उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला शिक्षा स्थापना समिति (माध्यमिक शिक्षा) के औपचारिक अनुमोदन से जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया।
निलंबन की इस अवधि के दौरान विभाग ने शिक्षक का मुख्यालय क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, देवघर निर्धारित किया है। इस दौरान बायोमीट्रिक अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर ही उन्हें नियमानुसार जीवन यापन भत्ता प्राप्त होगा। इसके साथ ही शिक्षा विभाग शिक्षक के विरुद्ध आरोप पत्र अलग से निर्गत करेगा।