झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कथारा कोलियरी में कोयले का भारी ढेर अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय सभी लोग कोलियरी के स्टॉकयार्ड में घरेलू इस्तेमाल और ईंधन के लिए कोयला इकट्ठा कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, मृतक और घायल आसपास के गांवों के रहने वाले हैं।
कोयला इकट्ठा करते समय अचानक ढहा ढेर
अधिकारियों के अनुसार, हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र में स्थित कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड नंबर-5 में हुआ। आसपास के गांवों के कुछ लोग घरेलू इस्तेमाल के लिए फेंका हुआ कोयला इकट्ठा करने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का एक बड़ा ढेर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए। सभी भारी मलबे के नीचे दब गए।
तीन महिलाओं की मौके पर मौत, चार की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और सीसीएल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। इनमें से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल मिले। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृत तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।
पुलिस और सीसीएल प्रबंधन कर रहे जांच
बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीमें हादसे की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोयले का भारी ढेर किन कारणों से ढहा।
इस हादसे के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है। मृत महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।