भाजपा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यभार संभालते ही झारखंड भाजपा में उत्साह की लहर देखने को मिली। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के अधिकांश वरिष्ठ नेता नई दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। दिल्ली में झारखंड भाजपा नेताओं की सक्रिय उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता और मजबूती का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जताया भरोसा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने मंगलवार को नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
झारखंड से भावनात्मक जुड़ाव पर विशेष जोर
आदित्य साहू ने यह भी कहा कि नितिन नवीन का झारखंड से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि यह उनकी जन्मभूमि है। इसी वजह से झारखंड के कार्यकर्ताओं में उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को लेकर विशेष उत्साह और गर्व का माहौल है। उन्होंने उनके सफल, सशक्त और यशस्वी कार्यकाल की कामना की।
बाबूलाल मरांडी ने नेतृत्व को बताया दूरदर्शी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी नितिन नवीन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भाजपा एक सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी संगठन के रूप में और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा जनता का भरोसा हासिल कर नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
पढ़ें- Jharkhand: रांची पहुंचे रामदास अठावले, बोले- ट्राइबल और पिछड़े समाज में मजबूत हो रहा RPI का आधार
वरिष्ठ नेताओं की व्यापक मौजूदगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देने पहुंचे नेताओं में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चंपई सोरेन, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश सहित झारखंड भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय परिषद सदस्य शामिल रहे।
इस मौके पर झारखंड भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और भाजपा की विचारधारा देशभर में और अधिक मजबूती से आगे बढ़ेगी।