हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के इचाक मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ऑयल टैंकर और बाइक के बीच हुआ। मृतक की पहचान बरही निवासी नंदकिशोर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया, वहीं आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल पर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर महतो हजारीबाग से बरही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इचाक मोड़ के समीप वह एक ऑयल टैंकर की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में उनके माथे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने घटना के बाद मुआवजे और परिवार के भविष्य को लेकर अपनी मांगें रखीं। उन्होंने प्रशासन से लिखित आश्वासन देने की मांग की कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएं। मांगों को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे घटनास्थल पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने के बाद इचाक के अंचल अधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। अंचल अधिकारी ने कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिस ऑयल टैंकर से दुर्घटना हुई है, उसके संबंधित पक्ष से भी बातचीत कर मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा, मृतक जिस बैंक में कार्यरत थे, वहां से मिलने वाले संभावित मुआवजे के संबंध में भी पहल की जाएगी।
अंचल अधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन नियमानुसार हरसंभव कार्रवाई करेगा। हालांकि, परिजन अपनी मांगों पर लिखित आश्वासन देने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- आक्रोश मार्च : दिल्ली में हंगामे के बीच बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा क्यों उतरी सड़क पर? किससे कहा- माफी मांगो
बताया जाता है कि नंदकिशोर महतो हजारीबाग स्थित जैन फाइनेंस बैंक में कार्यरत थे। उनके परिवार में माता-पिता, भाई, पत्नी और एक छोटी बच्ची हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब भविष्य और आजीविका को लेकर भी गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। फिलहाल, परिजनों की मुआवजे और नौकरी की मांग तथा प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता दिलाने के आश्वासन के बीच मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।