झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे। उन्होंने सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
हेमंत सोरेन बोले- राज्य ने कर्मठ जनप्रतिनिधि और युवा नेतृत्व खोया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उनका निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार के निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार ने अपने कार्यों और सेवाओं से जो योगदान दिया, उसे सदैव याद किया जाएगा। उनके योगदान और सेवाओं का स्मरण हमेशा होता रहेगा।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के साथ-साथ शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भी दिवंगत नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।