फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: राजस्थान पुलिस की टीम पर हमला कर छुड़ाए किशोरी और आरोपी, चार गिरफ्तार; 102 लोगों पर केस

Tue, 24 Nov 2026 10:33 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,गिरिडीह

सार

गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव में राजस्थान पुलिस की टीम पर हमला कर हिरासत से अपहृत किशोरी और आरोपी युवक को छुड़ा लिया गया था। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव में राजस्थान पुलिस का वाहन रोककर हिरासत से अपहृत किशोरी और आरोपी युवक को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना के संबंध में 22 नामजद और 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपी, किशोरी और वारदात में शामिल अन्य हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
विज्ञापन


पुलिस टीम पर पथराव और हमला

राजस्थान के सीकर जिले के उद्योगनगर थाने में पदस्थापित एएसआई जगदीश प्रसाद और आरक्षी महेश कुमार अपहृत किशोरी की बरामदगी तथा आरोपी कुंदन हाजरा की गिरफ्तारी के लिए देवरी पहुंचे थे। देवरी पुलिस के सहयोग से नायकडीह गांव से आरोपी कुंदन हाजरा को गिरफ्तार किया गया और किशोरी को बरामद किया गया। इसके बाद रविवार  को राजस्थान पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए निजी वाहन से गिरिडीह न्यायालय जा रही थी।

इसी दौरान, कोयनडीह में आरोपी युवक के घर के पास ग्रामीणों ने रास्ता अवरुद्ध कर पुलिस वाहन को रोक लिया। करीब 50 से 60 महिलाओं और 30 से 40 पुरुषों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से पुलिस टीम पर हमला कर दिया और किशोरी व आरोपी को जबरन छुड़ा लिया। हमले के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया तथा पुलिस की वर्दी व फाइल फाड़ने की कोशिश की गई।
विज्ञापन


नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज

राजस्थान पुलिस के एएसआई जगदीश प्रसाद की शिकायत पर देवरी थाने में दर्ज प्राथमिकी में 22 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें राजेंद्र हाजरा, मुंद्रिका देवी, रुपिया देवी, रुबिया देवी, राकेश हाजरा, अरविंद हाजरा, अनिल हाजरा, खड़गधारी हाजरा, मालती देवी और कोली देवी प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त कोयनडीह और मलडीहा गांव के 80 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

देवरी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों में कोयनडीह निवासी रमेश हाजरा उर्फ राकेश हाजरा, रुबिया देवी, रुपिया देवी और मलडीहा निवासी कोली देवी शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि 22 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी युवक व किशोरी की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें