कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के कथित शराब घोटाला मामले में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय के रांची स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। ईडी ने उन्हें पहले समन जारी कर 30 जून को उपस्थित होने को कहा था, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तीन सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद एजेंसी ने एक सप्ताह की मोहलत देते हुए उन्हें सात जुलाई को पेश होने का निर्देश दिया था।
नई शराब नीति पर ईडी का फोकस
ईडी की जांच वर्ष 2020 के बाद झारखंड में लागू नई शराब नीति, उसके निर्माण, क्रियान्वयन और वित्त विभाग की भूमिका पर केंद्रित है। एजेंसी यह जानना चाहती है कि नीति बनाने और लागू करने की प्रक्रिया में किन स्तरों पर निर्णय लिए गए, वित्त विभाग ने क्या भूमिका निभाई और क्या किसी स्तर पर आपत्तियां दर्ज की गई थीं।
एक दिन पहले बेटे से हुई थी लंबी पूछताछ
इससे एक दिन पहले ईडी ने रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से कई घंटों तक पूछताछ की थी। अधिकारियों ने अगस्त 2023 में बरामद 30 लाख रुपये की नकदी के स्रोत, उसे घर में रखने के कारण, बैंक खातों में हुए लेनदेन तथा कारोबारी प्रेम प्रकाश के साथ कथित वित्तीय संबंधों को लेकर सवाल किए थे।
यह भी पढ़ें:
14वीं जेपीएससी परीक्षा परिणाम पर बवाल, अभ्यर्थियों ने कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
बयानों का होगा मिलान, जांच की दिशा तय होगी
अब जांच एजेंसी रोहित उरांव और रामेश्वर उरांव के बयानों का मिलान कर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के अनुसार, ईडी कथित शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, नीति निर्माण और संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि रामेश्वर उरांव का बयान इस मामले की जांच की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।