नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन और बीजेपी कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हालांकि, पहले से तैनात सुरक्षा बलों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को हरमू स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसी बीच वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं को यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन नागवार गुजरा और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। हालांकि, प्रदेश बीजेपी कार्यालय के बाहर पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता वापस लौट गए।
'पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित'
प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस के छात्र नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक से देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा में धांधली के कारण मेहनती विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है और कई छात्र मानसिक दबाव में आ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
'युवा अब चुप नहीं बैठेगा'
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की। छात्रों ने कहा कि युवा अब चुप नहीं बैठेगा और परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
बीजेपी ने प्रदर्शन को बताया राजनीतिक
वहीं, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शन को राजनीतिक प्रेरित बताते हुए एनएसयूआई पर हमला बोला। बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों को राहुल गांधी के भाड़े के टट्टू तक कह दिया। उनका कहना था कि यदि छात्रों को विरोध करना है तो उन्हें शिक्षा विभाग या राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए, क्योंकि झारखंड में कांग्रेस समर्थित गठबंधन की सरकार है।
ये भी पढ़ें:
राज्यसभा चुनाव पर रार, झामुमो ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र; केंद्रीय एजेंसियों पर निगरानी की मांग
जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं का भी उठाया मुद्दा
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी, जेएसएससी और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप हैं और कांग्रेस को पहले उन सवालों का जवाब देना चाहिए।