झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज है। बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस कानून के दायरे में रहकर जांच कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता।
पीड़िता के बयान के आधार पर जांच कर रही पुलिस
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट जल्द ही सबके सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से देख रही है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
विपक्ष के आरोपों पर भी बोले मुख्यमंत्री
मामले को लेकर विपक्ष की ओर से सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी पर भी हेमंत सोरेन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है। षड्यंत्र भी रचे जाते हैं और विपक्ष सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार प्रयास करता रहता है। हालांकि, इन सबका सरकार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जनता द्वारा चुनी हुई सरकार काम कर रही है और उसे जनता का आशीर्वाद प्राप्त है। विपक्ष के आरोपों से सरकार विचलित नहीं होगी। सरकार अपने काम और जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्ध है।
पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी के बाद गरमाई राजनीति
गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग आदिवासी बच्ची के कथित यौन शोषण के आरोपों में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद राज्य की राजनीति में मामला चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा लगातार विधायक की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच और उससे सामने आने वाले तथ्यों पर नजर है।