सार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन छह महीने में दूसरी बार रांची पहुंचे हैं। उनका रांची से जन्म, शिक्षा और वैवाहिक जीवन का जुड़ाव रहा है। दौरे के दौरान झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने और गिरिडीह उपचुनाव पर मंथन होना है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच नितिन नवीन
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन छह महीने के भीतर दूसरी बार रांची पहुंचे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका झारखंड दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, उनकी राजनीतिक कर्मभूमि बिहार रही है, लेकिन रांची से उनका रिश्ता काफी पुराना और व्यक्तिगत है। यही वजह है कि राजधानी रांची उनके लिए महज एक राजनीतिक पड़ाव नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव वाला शहर भी है।
नितिन नवीन का जन्म रांची के कांके क्षेत्र स्थित अरसंडे में उनके चाचा के घर हुआ था। उनके जीवन के शुरुआती दौर में भी रांची की अहम भूमिका रही। उन्होंने रांची स्थित बीआईटी मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी। हालांकि, पिता के निधन के बाद पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्हें पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और बिहार में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।
नितिन नवीन का रांची से जुड़ाव उनके निजी जीवन में भी दिखाई देता है। उनकी शादी रांची के अशोक नगर में रहने वाली दीपमाला श्रीवास्तव से हुई थी। इस तरह रांची उनके जीवन के तीन महत्वपूर्ण पड़ावों जन्म, शिक्षा और वैवाहिक जीवन से जुड़ा रहा है।
पढ़ें: 25 साल से फरार था चारा घोटाले का यह आरोपी, जानें कैसे सीबीआई ने बिछाया गिरफ्तारी का जाल?
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छह महीने के भीतर नितिन नबीन का दूसरी बार रांची पहुंचना संगठनात्मक और राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे को झारखंड में भाजपा संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। इसके अलावा गिरिडीह उपचुनाव को लेकर भी मंथन होना है।
बिहार से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले नितिन नवीन के लिए झारखंड, खासकर रांची, व्यक्तिगत यादों और राजनीतिक जिम्मेदारियों का संगम है। ऐसे में उनके इस दौरे के दौरान राजनीतिक गतिविधियों के साथ रांची से उनके पुराने रिश्तों की चर्चा भी हो रही है।