रांची पुलिस को आज बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के उग्रवादी जोनल कमांडर परमेश्वर गोप उर्फ प्रेम गोप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी रांची के बाहर की है। रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मौजूदा समय में प्रेम गोप पर झारखंड के अलग-अलग इलाकों में 34 मामले दर्ज थे।
दरअसल, जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद पलामू का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के कहने पर गुमला में पीएलएफआई उग्रवादी ने कुलदीप गोप को हैंड ग्रेनेड सौंपा था। पुलिस ने कुलदीप का पकड़ लिया, जिसके बाद उसने बताया कि सुजीत सिन्हा का संबंध अपराधियों के साथ-साथ उग्रवादियों से भी है।
कुलदीप गोप के कहने पर ही रांची पुलिस की टीम ने परमेश्वर गोप को गिरफ्तार किया है। परमेश्वर गोप गुमला और गुमला खूंटी जिले के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था, यह कारोबारियों को डरा-धमकाकर उनसे लेवी वसूलने का काम करता था। बता दें कि अप्रैल में परमेश्वर गोप के सहयोगी बसंत गोप को गांव वालों ने कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला था।