राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (बुधवार) से झारखंड के अपने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगी। इस दौरान वह देवघर के बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर जाएंगी, साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय के नए परिसर का उद्घाटन भी करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि वह रांची में आईआईआईटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके अलावा खूंटी में एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति एक विशेष विमान से बुधवार को देवघर पहुंचेंगी और बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। शाम को राष्ट्रपति रांची में नवनिर्मित झारखंड उच्च न्यायालय परिसर का उद्घाटन करेंगी। देवगढ़ उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अनुसार राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन को देखते हुए बुधवार सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक पूजा स्थल में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा।
इसके अलगे दिन 25 मई को राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में खूंटी जिले में महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगी। शाम को वह आईआईआईटी संस्थान, रांची के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति झारखंड के वीर सपूतों को भी श्रद्धांजलि देंगे।
उनके स्वागत के लिए राज्य की राजधानी में होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए हैं। मुर्मू ने 2015 से 2021 तक झारखंड के राज्यपाल का पद संभाला था। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।