पुलिस ने रविवार को कथित तौर पर निर्मल हृदय द्वारा बेचे गए चौथे बच्चे को ढूंढ लिया है। यह अनाथालय मिशनरी ऑफ चैरिटी (एमओसी) चलाता है। रांची एसएसपी अनीश गुप्ता ने कहा, 'यह उन चार बच्चों में से आखिरी है जिसे निर्मल हृदय की अनिमा इंदवार ने बेचने की बात कबूली थी।' उन्होंने कहा, 'जिस जोड़े ने बच्चे को खरीदा था वह रांची के छत्तरपुर का रहने वाला है। फिलहाल पति-पत्नी 'चुटिया' क्षेत्र में रहते हैं, जहां से बच्चे को बरामद कर लिया गया है।'
6 महीने के लड़के को जन्म के तुरंत बाद कथित तौर पर निर्मल हृदय ने 50,000 रुपए में बेच दिया था। इस महीने की शुरुआत में निर्मल हृदय के खिलाफ बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की शिकायत पर कोतवाली पुलिस स्टेशन में बच्चों को बेचने के आरोप में एक एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद स्टाफ सदस्य अनीमा इंदवार और उनकी बहन कोनसिलिया को गिरफ्तार किया गया था। गुप्ता ने कहा, 'हमें बहुत सारे
सुराग मिले हैं लेकिन हम उसके बारे में अभी खुलासा नहीं कर सकते हैं। हम उन्हें सत्यापित करने पर काम कर रहे हैं।'
अनीमा इंदवार ने चार
बच्चों को बेचने की बात कबूली है। जिसमें से तीन पहले ही ढूंढे जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के रहने वाले जोड़े ने जिन्होंने कि बच्चा खरीदा था, उनके जरिए इस मामले का खुलासा हुआ। दूसरे बच्चे मोरहाबादी और कोकर से मिले हैं। सीडब्ल्यूसी सदस्य श्रीकांत कुमार ने कहा, 'मोरहाबादी और कोकर से मिले बच्चों को उनके गोद लिए माता पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्हें कहा गया है कि वह हर हफ्ते सीडब्ल्यूसी के सामने बच्चों को पेश करेंगे और सीडब्ल्यूसी बच्चों की भलाई के लिए निर्णय लेगा।'