लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के बरवाटोली पंचायत के बेतर गांव में दीपावली की रात नक्सलियों ने रामचंद्र चंद्रवंशी कॉलेज निर्माण स्थल पर रखे जेसीबी और ट्रैक्टर में आग लगा दी।
झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ लगातार चल रहे पुलिस अभियान के बावजूद उग्रवादियों का हौसला कम होता नहीं दिख रहा है। लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के उग्रवाद प्रभावित बरवाटोली पंचायत के बेतर गांव में सोमवार देर रात नक्सलियों ने एक बार फिर दहशत फैलाई। जब पूरा गांव दीपावली की खुशियों में डूबा था, उसी वक्त अज्ञात नक्सलियों ने रामचंद्र चंद्रवंशी कॉलेज के निर्माण स्थल पर रखे एक जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर में आग लगा दी।
विज्ञापन
घटना स्थल कॉलेज कैंपस के अंदर ही स्थित बेतर ओपी के करीब है। ओपी प्रभारी किशोर मुंडा ने बताया कि जैसे ही उन्होंने लपटें उठती देखीं, तुरंत जवानों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नक्सली फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे किस संगठन का हाथ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले इसी इलाके में भाकपा (माओवादी) नेता रविंदर गंझू के नाम से एक पर्चा फेंका गया था, जिसमें निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। उस वक्त भी पुलिस यह पता नहीं लगा पाई थी कि पर्चा किस संगठन द्वारा फेंका गया था। वर्तमान में पुलिस ने पूरे इलाके में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है और नक्सलियों की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।