झारखंड के सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत चाईबासा में चुनावी रैली में राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी ने आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन लूटकर उद्योगपतियों को दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी जेब में हाथ डालिए, बटुआ खोलिए आपको पता लगेगा कि आपके बटुए से पैसा मोदी जी ने निकाल लिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी भाइयों-बहनों, अपने जंगल-जल-जमीन को देखिए, आपको पता लगेगा कि अनिल अंबानी को मोदीजी ने आपका जल-जंगल-जमीन छीने हैं। उन्होंने कहा कि देश के इस चौकीदार ने लाखों करोड़ चोरी किए और उद्योगपतियों के लाखां करोड़ रुपए माफ किए। उन्होंने अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपए दिए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शायद पहली बार टाटा कंपनी ने जमीन ली थी। भाजपा की सरकार ने जमीन दी थी। पांच साल में आदिवासियों की जमीन पर, बस्तर की जमीन पर उन्होंने कोई फैक्ट्री नहीं लगाई। अब वहां कांग्रेस की सरकार है। मुख्यमंत्री ने फैसला लिया है कि टाटा से जमीन लेकर वापस बस्तर के आदिवासियों के हवाले कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आदिवासियों के हित में फैसले लेती है।
राहुल गांधी ने कहा कि आपने कभी किसान के घर के आगे चौकीदार देखा है क्या? चौकीदार हमेशा अमीरों के घर के आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि जितना पैसा चौकीदार ने 15 अमीर लोगों को दिया है उतना ही पैसा मैं 25 करोड़ लोगों को देना चाहता हूं। कांग्रेस की न्याय योजना से गरीबों के खाते में पैसे भी आएंगे और वे खरीदारी करेंगे तो अर्थव्यवस्था भी सुधरेगी।
मालूम हो कि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर मौजूदा सांसद लक्ष्मण गिलुवा चुनाव लड़ रहे हैं, जिनका मुकाबला कांग्रेस की गीता कोड़ा और बसपा के परदेसी लाल से है। यहां 12 मई को मतदान होना है।