चारा घोटाले मामले में झारखंड के बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव अब जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।
हाइकोर्ट में जमानत नहीं मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी की जा रही है।
हाइकोर्ट का आदेश आने के बाद सुप्रीम कोर्ट में दीपावली का अवकाश था। अवकाश के बाद 11 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट खुल रहा है।
जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार ने बताया कि आदेश की प्रति मिल गयी है। इसका अध्ययन किया जा रहा है। कुछ और दस्तावेज की जरूरत है। कोर्ट खुलने के बाद दस्तावेज प्राप्त कर जमानत याचिका दायर की जायेगी।
झारखंड हाइकोर्ट ने 31 अक्तूबर को लालू प्रसाद की अपील याचिका पर सुनवाई के बाद जमानत देने से इनकार कर दिया था।
चारा घोटाले के कांड संख्या आरसी 20 ए/96 मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद को पांच साल की सजा सुनायी है।
इस मामले 30 सिंतबर को निचली अदालत ने लालू प्रसाद यादव को दोषी करार दिया था, तब से वे जेल में हैं।