फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेपीएससी धांधली: 20 लाख रुपये में रेंजर बनाने की डील, मां के खाते से संचालक को भेजे तीन लाख

Sat, 28 Nov 2026 11:17 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

जेपीएससी की फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर परीक्षा धांधली की जांच कर रही सीआईडी ने चार्जशीट में खुलासा किया है कि अभ्यर्थी ऋतिक रोशन को रेंजर बनवाने के लिए 20 लाख रुपये की डील हुई थी।
विज्ञापन
झारखंड लोक सेवा आयोग - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (एफआरओ) परीक्षा में धांधली को लेकर सीआईडी की चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ऋतिक रोशन ने अपने रिश्तेदार और पतंजलि आईएएस एकेडमी के संचालक संजीत कुमार के साथ मिलकर अनुचित लाभ उठाया। आरोप है कि संजीत कुमार ने अपने चचेरे भाई ऋतिक को रेंजर बनवाने के लिए 20 लाख रुपये में सौदा तय किया था। इस डील के तहत ऋतिक ने अपनी मां कंचन कुमारी के बैंक ऑफ इंडिया खाते से तीन लाख रुपये संजीत कुमार को ट्रांसफर किए थे। सीआईडी ने अदालत में दाखिल चार्जशीट में इस पूरे लेन-देन का उल्लेख किया है।
विज्ञापन


परीक्षा के बाद गुप्त ठिकाने पर जुटे 12 अभ्यर्थी

सीआईडी की जांच में उत्तर पुस्तिकाएं लिखवाने के खेल का भी खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के अनुसार, 11 फरवरी को एफआरओ मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद ऋतिक रोशन अपने साथी पंकज प्रसून के साथ रातू रोड स्थित एक मकान में पहुंचा था। इस मकान को कथित तौर पर उत्तर पुस्तिकाएं लिखवाने के लिए गुप्त ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया गया।

यहां पहले से 12 अभ्यर्थी मौजूद थे, जिन्हें उत्तर पुस्तिकाएं सौंपी गई थीं। आरोप है कि अभ्यर्थियों को किताबों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से प्रश्नों के उत्तर लिखवाए गए। सीआईडी ने अपनी जांच में संजीत कुमार और रविशंकर कुमार उर्फ रवि मास्टर के बयानों को भी इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए आधार बनाया है।
विज्ञापन


743 सफल अभ्यर्थियों में से 119 के संपर्क में था संचालक

जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया है। सीआईडी के मुताबिक, पतंजलि आईएएस एकेडमी का संचालक संजीत कुमार एफआरओ परीक्षा में सफल घोषित 119 अभ्यर्थियों के लगातार संपर्क में था। इस परीक्षा में कुल 743 अभ्यर्थी सफल हुए थे।
सीआईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि संजीत कुमार इन अभ्यर्थियों के संपर्क में किस उद्देश्य से था और परीक्षा में सफल होने के लिए उन्हें किस तरह की मदद दी गई। जांच एजेंसी ओएमआर शीट में हेराफेरी, प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में हुई अन्य अनियमितताओं के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

चार्जशीट के खुलासों से बढ़ सकती है आरोपियों की मुश्किलें

सीआईडी की चार्जशीट में सामने आए इन तथ्यों से जेपीएससी परीक्षा धांधली का मामला और गंभीर हो गया है। 20 लाख रुपये में रेंजर बनाने की कथित डील, बैंक खाते से हुए लेन-देन और गुप्त ठिकाने पर उत्तर पुस्तिकाएं लिखवाने के आरोपों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क की भूमिका और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें