फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिम्स जमीन घोटाला: 13 आरोपियों की काली कमाई खंगाल रही एसीबी, बैंक खातों से संपत्ति तक जांच तेज

Sat, 28 Nov 2026 11:05 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

रिम्स की अधिग्रहीत जमीन के फर्जीवाड़े में एसीबी ने सात अधिकारियों, एक बिल्डर और पांच दलालों समेत 13 आरोपियों को जेल भेजा है। अब आरोपियों के बैंक खातों, पैन कार्ड और चल-अचल संपत्तियों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
रिम्स जमीन घोटाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रिम्स की अधिग्रहीत जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे कब्जा और खरीद-बिक्री कराने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सात अधिकारियों, एक बिल्डर और पांच दलालों समेत कुल 13 आरोपियों को जेल भेजने के बाद अब एजेंसी उनकी काली कमाई का हिसाब जुटाने में लगी है। इसके लिए सभी आरोपियों के बैंक खातों के लेन-देन, पैन कार्ड विवरण और चल-अचल संपत्तियों की पड़ताल की जा रही है। छापेमारी के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर भी भ्रष्टाचार की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

विज्ञापन


एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि रिम्स की जमीन की फर्जी खरीद-बिक्री कराने के बदले किन अधिकारियों को कितनी रकम मिली थी। इसके अलावा रांची में पदस्थापन के दौरान संबंधित अधिकारियों ने कितनी संपत्ति अर्जित की और उनकी आय के स्रोत क्या थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों के बैंक खातों और संपत्तियों की पड़ताल

जांच में गिरफ्तार तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) मनोज कुमार रंजन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने अंचल स्तर पर पहले ही निरस्त किए जा चुके दाखिल-खारिज के आवेदनों को मंजूरी दे दी थी। जांच में मुन्नी कुमारी और सुमित्रा कुमारी बड़ाईक की याचिकाओं का मामला सामने आया है। इन याचिकाओं को अंचल कार्यालय ने खारिज कर दिया था, लेकिन एलआरडीसी कार्यालय से मंजूरी मिल गई। इसके बाद रांची नगर निगम ने संबंधित जमीन पर नक्शा भी स्वीकृत कर दिया।
एसीबी अब इस पूरे घटनाक्रम में शामिल अधिकारियों और अन्य आरोपियों के बीच वित्तीय लेन-देन की कड़ियां तलाश रही है। एजेंसी का प्रयास है कि जमीन के फर्जीवाड़े से अर्जित रकम और उससे बनाई गई संपत्तियों का पता लगाया जा सके।

45.72 लाख में बेच दी 17.35 डिसमिल जमीन

जांच के दौरान जमीन की खरीद-बिक्री में फर्जीवाड़े के कई मामले सामने आए हैं। एक आरोपी प्रमोद कुमार महतो ने 11 अक्तूबर 2017 को सोनमाईत देवी से 17.35 डिसमिल जमीन का जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी हासिल किया था। इसके बाद उसने यह जमीन पटना की कामिनी रंजन को 45.72 लाख रुपये में बेच दी।

विज्ञापन


हालांकि, जमीन पर अधिकार नहीं मिलने और चेक बाउंस होने के बाद कामिनी रंजन ने पटना के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में परिवाद दायर किया था। इसी तरह एक अन्य आरोपी राजेश कुमार झा ने वर्ष 2019 में अपनी पत्नी मुन्नी कुमारी के नाम पर रिम्स की 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसके बाद फर्जीवाड़े के जरिये उस जमीन का सौदा कर दिया गया। एसीबी इन मामलों में जमीन के दस्तावेजों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

मनोज कुमार की जमानत पर पांच दिसंबर को अगली सुनवाई

इधर, रिम्स की अधिग्रहीत जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध अधिकार जमाने के मामले में गिरफ्तार बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार की जमानत याचिका पर विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि उनके मुवक्किल निर्दोष हैं और उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने एसीबी को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मामले में अगली सुनवाई के लिए पांच दिसंबर की तारीख तय की गई है।
उल्लेखनीय है कि एसीबी ने मनोज कुमार को 19 नवंबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में बंद हैं। अब अदालत में केस डायरी पेश होने के बाद उनकी जमानत याचिका पर आगे सुनवाई होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें