लोकसभा चुनाव आने वाले हैं। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं। JMM-कांग्रेस गठबंधन के मुताबिक 10 सीटें कांग्रेस के खाते में और 4 सीटें JMM के खाते में आई हैं।
इसके बाद JMM पार्टी में हो गया है बवाल। हाल ये है कि सरकार कब गिर जाए कहा नहीं जा सकता। पार्टी में टिकट के बंटवारे को लेकर नाराजगी है और कई नेता पार्टी छोड़ कर बीजेपी और टीएमसी का दामन थाम चुके हैं।
हेमलाल मुरमू, ददई दुबे, लालू सोरेन JMM छोड़ चुके हैं। दो निर्दलीय विधायक- चमरा लिंडा और बंधु तिर्की टीएमसी का दामन थाम चुके हैं। JMM छोड़ने वाले मुरमू बीजेपी में गए हैं, जबकि ददई दुबे और लालू सोरेन ने टीएमसी का दामन थाम लिया है।
पार्टी में अभी आगे भी टूट होने की संभावना है। पार्टी के वरिष्ठ नेता साइमन मरांडी भी पार्टी किसी भी दिन छोड़ सकते हैं। उन्होंने भी अपने बेटे के लिए टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने विजय हासंदा पर दांव लगाया।
40 सालों में पार्टी कई मर्तबा इस टूट और मनमुटावों का सामना कर चुकी है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार पर कोई खतरा नहीं है और आंकडे अभी भी उनके पक्ष में हैं।