दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में स्वीमिंग पूल अभी बंद रहेंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार के जुलूस, मेला, प्रदर्शनी तथा किसी खेल प्रतियोगिता को भी अनुमति नहीं दी गई है।
निर्देश के अनुसार सभी स्कूल, कॉलेज अब माता-पिता अथवा अभिभावक की अनुमति से दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के छात्रों को कक्षा के लिए बुला सकेंगे और उनकी ऑफलाइन कक्षाएं चलाई जा सकेंगी। इसके साथ ही उन्हें ऑनलाइन कक्षाएं भी चलानी होंगी।
इसी प्रकार राज्य में मेडिकल कॉलेजों और डेंटल कॉलेजों तथा नर्सिंग स्कूलों में भी 21 दिसंबर से कक्षाएं चलाई जा सकेंगी। सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थान शिक्षा मंत्रालय एवं यूजीसी द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करेंगे और निरुद्ध क्षेत्रों में इस प्रकार की छूट नहीं है।
राज्य में अब फिल्मों की शूटिंग की भी अनुमति दे दी गई है, लेकिन वहां दर्शकों को आने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा धार्मिक स्थलों एवं बंद हॉल में दो सौ लोगों तक को एकत्रित होने की अनुमति दे दी गई है, लेकिन सभी को कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
इसी तरह खुले में तीन सौ लोगों तक को एकत्रित होने की अनुमति दे दी गई है। राज्य सरकार ने श्रीकृष्ण प्राशासनिक प्रशिक्षण संस्थान, ग्रामीण विकास संस्थान तथा पुलिस प्रशिक्षण संस्थान को भी खोलने की अनुमति दे दी है।
झारखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1004 हो गई है जबकि संक्रमण के 190 नये मामले सामने आये जिन्हें मिलाकर राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या अब बढ़कर 112121 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की आज जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 109532 लोग अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। इसके अलावा 1585 संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
इसके अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जो पलामू, हजारीबाग और दुमका के संक्रमित व्यक्ति थे।