केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
- फोटो : अमर उजाला
रांची में कुछ दिनों पूर्व टाटानगर पोस्ट ऑफिस में ड्यूटी के दौरान खुलेआम शराब पीने की घटना सामने आई थी। खबर फैलते ही डाक विभाग द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं, एक अन्य कर्मचारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है। आरोपी कर्मचारियों पर कार्रवाई केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दिए गए निर्देश पर की गई।
यह भी पढ़ें- Jharkhand: CBSE बोर्ड का रिजल्ट जारी, सीएम हेमंत ने दी सफल छात्रों को बधाई, असफल विद्यार्थियों का बढ़ाया हौसला
पुख्ता जांच के बाद हुई दोषी कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
वरीय डाक अधीक्षक परमानंद कुमार के निर्देश पर एएसपी (वेस्ट) परीक्षित सेठ ने इस मामले की जांच की है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एलएसजी डाक सहायक नितेश कुमार, ओवरसियर अमित कुमार ठाकुर और नाइट गार्ड जितेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही जीडीएस बीपीएम सूरज कुमार साहू को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है।
तीन मई की रात को हुआ था फोटो वायरल
जानकारी के मुताबिक, उक्त घटना तीन मई 2025 की रात की है। जब टाटानगर पोस्ट ऑफिस परिसर में डाक कर्मचारी कथित रूप से परिसर के भीतर खुलेआम शराब का सेवन करते हुए पाए गए। इस संबंध में कुछ फोटो वायरल हुईं, जिसके बाद विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए थे।
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: जेपीएससी रिजल्ट की देरी पर फूटा छात्रों का गुस्सा; सड़कों पर विरोध, भाजपा ने सरकार को घेरा
डाक विभाग ने जताई कड़ी नाराजगी
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संज्ञान में आते ही डाक विभाग ने इस प्रकार की अनुशासनहीनता को गंभीर सेवा उल्लंघन माना। साथ ही यह स्पष्ट किया कि कार्यालय परिसर में इस प्रकार का आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने की बात भी दोहराई है।