हजारीबाग में उच्च न्यायालय की वकील अनुष्का चक्रवर्ती का शव उनके फ्लैट में पंखे से लटका मिला। परिजनों ने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस संदिग्ध मौत की जांच और पति की तलाश कर रही है।
संदेश में लिखा था, "मां हमको माफ कर दो पर हम और बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं, हमको पता है हम दोबारा घर नहीं आ सकते हैं, हमको मेरा पति ही बोल दिया है कि मेरा लाश जाएगा यहां से तो यही ठीक है, हम नहीं जी पाएंगे पर अब और थक गए हम, अब और नहीं हो पा रहा है, सॉरी मां।" भाई ने इस संदेश को संदिग्ध बताते हुए इसकी तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले अनुष्का का गर्भपात हो गया था। इसके बाद से पति कुशाग्र रुद्र और ससुराल पक्ष के लोग बच्चा नहीं होने को लेकर उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार को अनुष्का दुर्गा पूजा के सिंदूर खेला कार्यक्रम में शामिल हुई थीं और काफी खुश दिख रही थीं। ऐसे में देर रात उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार सदमे में है।
दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
घटना गुरुवार सुबह सामने आई। बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 304 में काम करने वाली नौकरानी सुबह वहां पहुंची। उसने मुख्य दरवाजे से अनुष्का को आवाज दी और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसने घर के दूसरे सदस्य को फोन किया। इसके बाद पति का चालक वहां पहुंचा।
चालक को मुख्य दरवाजे का पासवर्ड पता था। उसने पासवर्ड की मदद से दरवाजा खोला, लेकिन अंदर अनुष्का के कमरे का दरवाजा बंद मिला। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर अनुष्का का शव पंखे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ की विधायक ममता देवी और मांडू से जेएलकेएम के प्रत्याशी रहे बिहारी महतो अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से कुशाग्र रुद्र उनसे संपर्क में नहीं है और फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।