झारखंड की राजधानी रांची में 20 साल की स्टूडेंट ने एग्जाम में खराब रिजल्ट आने की वजह से आत्महत्या कर ली। स्टूडेंट का नाम मेघा प्रजापति है, जिसने हॉस्टल के रूम में फांसी लगाकर खुद को खत्म किया है। मेघा यहां मारवाड़ी कॉलेज से अंग्रेजी में ग्रेजुएशन कर रही थी, लेकिन लंबे समय से उसका एग्जाम में प्रदर्शन ठीक नहीं था।
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मेघा ने साफ तौर पर जाहिर किया है कि 3 नवंबर को होने वाले एग्जाम में उसने बेहतर प्रदर्शन नहीं किया तो उसका करियर खतरे में पढ़ जाएगा। ये हादसा मेघा से एग्जाम से करीब 3 दिन पहले हुआ है। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक पुलिस का कहना है कि ये मामला सुसाइड का है, क्योंकि मौके से नोट बरामद किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, मेघा के परिवार का दावा है कि ये मर्डर है। सूत्रों के मुताबिक मारवाड़ी कॉलेज ने बताया कि मेघा का प्रदर्शन काफी खराब था और उसके मार्क्स अच्छे नहीं आने की वजह से सेकेंड इयर में उसे जगह नहीं मिल सकती थी।
पढ़ें: NEET के खिलाफ लड़ने वाली छात्रा ने किया सुसाइड, छात्रों ने शुरू किया आंदोलन
बताया जा रहा है कि मेघा की बहन नेहा प्रजापति भी इसी कॉलेज में पढ़ रही है। नेहा का कहना है कि सुसाइड से ठीक पहले वह अपनी बहन के साथ थी। उसने कहा कि मेघा ने कभी ऐसा महसूस नहीं करवाया कि वे डिप्रेशन में है। बता दें कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के मुताबिक भारत में हर घंटे में एक स्टूडेंट अपनी जिंदगी को खत्म करता है। वहीं साल 2015 में करीब 9 हजार स्टूडेंट्स ने खुद को खत्म किया था।