भाजपा से निष्कासित पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के झारखंड के देवद्यर में घूमने की खबर सामने आने के बाद बवाल शुरू हो गया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा पर दयाशंकर को शह देने का आरोप लगाते हुए उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है तो झारखंड पुलिस का कहना है कि बिना यूपी पुलिस की अपील के वह उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकती।
बता दें कि भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी, जिसके विरोध में बसपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ एससी एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया था।
भाजपा ने भी उन्हे पार्टी से निष्कासित कर दिया था। वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही दयाशंकर भूमिगत हो गए थे। लाख प्रयास के बाद भी पुलिस उन तक नहीं पहुंच सकी थी। लेकिन एक दिन पूर्व ही झारखंड के देवघर में कांवडियों के साथ दयाशंकर की तस्वीरें सामने आईं थी।
जिसमें वह बाबा बैद्यनाथ के दर्शनों के लिए उनके मंदिर के बाहर खड़े दिखाई दे रहे थे। उनकी ये तस्वीरें सामने आने के बाद जहां बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसके लिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा था वहीं झारखंड में बसपा के इकलौते विधायक कुशवाहा सिंह पूजन मेहता ने इसके लिए झारखंड पुलिस पर निशाना साध दिया।