मायावती पर विवादित टिप्पणी कर सुर्खियों में आए उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को पकड़ने के लिए बेशक पुलिस लाख हाथ पैर मार रही हो लेकिन इन सबसे निश्चिंत दयाशंकर सिंह झारखंड के देवघर में बेखौफ घूमते दिखे।
भाजपा शासित राज्य में दयाशंकर इतने इत्मीनान से दिखे कि कांवडियों के साथ फोटो भी खिंचवाए और निश्चिंत होकर बाबा बैद्यनाथ के भी किए। दयाशंकर की ये तस्वीरें सामने आते ही हंगामा मच गया, बसपा सुप्रीमो मायावती ने तो राज्यसभा में इसको लेकर भाजपा पर हमला भी बोला।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए दयाशंकर सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर दी थी। जिस पर जमकर हंगामा हुआ था।
भाजपा को बैकफुट पर आते ही तुरंत माफी मांगनी पड़ी थी तो बसपा नेताओं ने इसके विरोध में दयाशंकर सिंह के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। मायावती के जबरदस्त विरोध और दयाशंकर के खिलाफ प्रदर्शनों को देखते हुए भाजपा को उन्हें पार्टी से भी निष्कासित करना पड़ा था।