झारखंड के हजारीबाग जिले में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में रविवार को एक ट्रेनी पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया।
कोरा थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी बच्ची के घर के पास रह रहा था। शनिवार को बच्ची घर पर अकेली थी, उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर पुलिस कांस्टेबल बच्ची के घर पहुंचा और कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता ने माता-पिता के घर लौटने पर आपबीती सुनाई। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मामले की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने अपराध की पुष्टि की।
झारखंड के लातेहार में पुलिस ने 1.5 करोड़ का पोस्ता किया जब्त
झारखंड के लातेहार जिले में एक ट्रक से करीब 4.5 टन पोस्ता जब्त किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए पोस्ता की कीमत झारखंड में लगभग 45 लाख रुपये और राजस्थान में 1.5 करोड़ है। पोस्ता झारखंड में 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम और राजस्थान में लगभग 3,500 रुपये प्रति किलोग्राम बेचा जाता है। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात चंदवा प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर ट्रक को रोका गया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि यह खेप राजस्थान के बीकानेर ले जाई जा रही थी।