Jharkhand News Today: दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भरनो चौक पर एनएच-23 को जाम कर दिया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने राज्य सरकार से मुआवजा की मांग करते हुए चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
झारखंड के गुमला जिले में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन ने दो मासूम जिंदगियों को झकझोर दिया। एनएच-23 पर नवाटोली नहर के पास मदरसा से लौट रहे दो छात्रों को एक पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र गुमला के हटू स्थित मदरसे में पढ़ाई करते थे और शनिवार को अपने गांव सुपा लौट रहे थे।
विज्ञापन
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगा दिया जाम
जैसे ही वे नवाटोली नहर के पास हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र फरहान मिर्दाहा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र मुरसिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र का इलाज जसलोक अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भरनो चौक पर एनएच-23 को जाम कर दिया।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने राज्य सरकार से मुआवजा की मांग करते हुए चालक की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि वाहन चालकों की लापरवाही के कारण ही आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- Jharkhand: पत्नी ने शराबी पति की हत्या कर घर में दबाया शव, 10 दिन बाद खुला राज