लातेहार के हेरहंज थाना क्षेत्र के भंडार चौक के पास स्कूल से घर लौट रही 16 वर्षीय छात्रा देवंती कुमारी की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के भंडार चौक के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा देवंती कुमारी की मौत हो गई। देवंती बिदिर गांव निवासी नारायण सिंह की बेटी और प्लस टू उच्च विद्यालय हेरहंज की कक्षा 10 की छात्रा थी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, देवंती स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने घायल छात्रा को तुरंत बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही हेरहंज थाना के एसआई सुबोध कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से बिदिर गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार और लापरवाह वाहनों पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।