चित्र में घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़.
- फोटो : अमर उजाला
Suicide Case : झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। महज 19 वर्ष की एक युवती ने दो मंजिला इमारत की छत से छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतिका की पहचान बोकारो जिले की रहने वाली नेहा सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले चार महीने से पुंदाग में किराए के कमरे में रहकर नौकरी कर रही थी।
गिरने की आवाज आते ही मच गई अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक नेहा एक प्रोडक्ट सेलिंग कंपनी में कार्यरत थी, जिस मकान में वह रहती थी, वहां उसके साथ चार अन्य सहेलियां भी रहती थीं। घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे के आसपास हुई। मकान मालिक ने छत से गिरने की आवाज और अफरा-तफरी सुनते ही बाहर आकर देखा, तो नेहा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना से कुछ देर पहले नेहा अपने कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी सहेलियां दूसरे कमरे में थीं।