नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में राजधानी रांची स्थित हरमू अस्पताल से संबंधित मामले की सुनवाई हुई। इस मामले में आयोग की सदस्य डा. आशा लकडा ने रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह को समन किया था। हालांकि, प्रशासक संदीप सिंह आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। इस पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकडा ने नाराजगी जताई है और निर्देश दिया कि आगामी सुनवाई के दौरान प्रशासक संदीप सिंह स्वयं उपस्थित हो।
हरमू अस्पताल से संबंधित मामले को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह को समन भेजा था। लेकिन वह मौजूद नहीं रहे। इस पर उन्होंने आयोग को सूचित किया था कि प्रशासनिक कार्यों से संबंधित व्यस्तता के कारण निर्धारित तिथि को आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हो सकते। आयोग की ओर से कहा गया कि रांची नगर निगम का प्रशासक होने के नाते प्रशासनिक कार्यों की व्यस्तता उनका नियमित कार्य है। उनकी ओर से प्रशासनिक कार्यों की व्यस्तता का हवाला देते हुए आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं होना स्वीकार योग्य नहीं है। आयोग की सदस्य डा. आशा लकडा ने इस पर नाराजगी जताई है।
हरमू अस्पताल भवन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश
हरमू अस्पताल मामले को लेकर प्रशासक संदीप सिंह के निर्देश पर आयोग के समक्ष अपर प्रशासक संजय कुमार उपस्थित हुए। हरमू अस्पताल मामले में आयोग ने उन्हें निर्देश देते हुए कहा कि तीन दिनों के अंदर हरमू अस्पताल भवन का स्वीकृत भवन प्लान उपलब्ध कराएं। साथ ही किन दस्तावेजों के आधार पर रांची नगर निगम की ओर से हरमू अस्पताल भवन का प्लान स्वीकृत किया गया, इसकी जानकारी संबंधित दस्तावेजों के साथ उपलब्ध कराएं।
आयोग के इस निर्देश पर अपर प्रशासक संजय कुमार ने आयोग को आश्वस्त करते हुए कहा कि सोमवार को ई-मेल के माध्यम से हरमू अस्पताल का स्वीकृत भवन प्लान व संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकडा में रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि हरमू अस्पताल से संबंधित मामले की आगामी सुनवाई के दौरान प्रशासक संदीप सिंह स्वयं उपस्थित हो।