अस्पताल में भर्ती होने से पहले हटिया डैम का निरीक्षण करते मंत्री मिथिलेश ठाकुर
- फोटो : Twitter
झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और उन्हें मंगलवार देर रात यहां राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया।
रिम्स के प्रवक्ता ने बताया कि ठाकुर मंगलवार शाम संक्रमित पाए गए जिसके बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है। मंत्री के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। राज्य में मंत्रिपरिषद में कोरोना वायरस संक्रमण का यह पहला मामला है।
इससे पूर्व झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण से दो और व्यक्तियों की मौत हो गई और संक्रमण के 164 नए मामले सामने आए जिन्हें मिलाकर राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,018 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार झारखंड में मंगलवार को दो लोगों की धनबाद में संक्रमण से मौत हो गई, जिन्हें मिलाकर राज्य में संक्रमण से मरने वाले लोगों की कुल संख्या 22 हो गई है।