झारखंड में एक हैरअंगेज घटनाक्रम में रघुवरदास सरकार के मंत्री ने आरजेडी नेता को सरेआम दौड़ा दौड़ा कर पीटा। मामला किसी जातीय कार्यक्रम में हुई असहमति और बहस से शुरू हुआ था जिसके बाद मंत्री जी ने कार्यक्रम से बाहर निकलकर आरजेडी नेता को दौड़ा लिया। इस दौरान राजद नेता को बचाने आए एक अन्य नेता की भी पिटाई की गई।
दोनों को गिरा गिराकर पीटा गया। मंत्री के साथ उनके सिक्योरिटी गार्ड्स ने भी दोनों नेताओं को जमकर पीटा। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की गई है। मंत्री द्वारा की गई पिटाई की घटना कैमरे में कैद हो गई है जिसके बाद से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रामचन्द्र चन्द्रवंशी रविवार को अखिल भारतीय चन्द्रवंशी सभा के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पलामू जिले के विश्रामपुर में गए थे। बताया जाता है कि राजद नेता शंभू चन्द्रवंशी जातीय सभा में जिलाध्यक्ष पद पर हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रामचन्द्र चंद्रवंशी ने अपने बेटे सागर को नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। इस पर शंभू चन्द्रवंशी ने आपत्ति जताई। बताया जाता है कि उस समय हल्की फुल्की बहस के बाद मामला शांत हो गया।