बच्चों की फीस को लेकर हुए विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी की हथौड़े से हत्या कर दी। यह मामला झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले का है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूली है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक दर्दनाक घटना समाने आई है। 34 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हथौड़े मारकर हत्या कर दी। मंगलवार को पुलिस ने मामले की जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पति राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही वारदात के लिए इस्तेमाल किए गए हथौड़े को भी बरामद कर लिया गया है। आरआईटी थाना क्षेत्र के बंतानगर स्थित घर से हथौड़े को कब्जे में लिया गया है।
विज्ञापन
सिर पर किया हथौड़े का वार, पत्नी की मौत
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि विगत कुछ दिनों से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी उससे बच्चों की स्कूल फीस के लिए पैसे की मांग कर रही थी। रविवार को दोनों के बीच ऐसे ही किसी मामले पर विवाद हुआ। उस दौरान आरोपी राजेश ने अपनी पत्नी को धक्का दिया और पास में रखे हथौड़े से सिर पर वार किया। जिसके बाद मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई।
आरोपी राजेश ने हत्या की बात कबूली-पुलिस
पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान हालांकि बिहार के नवादा का रहने वाला आरोपी पति राजेश ने हत्या की बात कबूली है। पुलिस ने कहा कि हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।