पुलिस के गिरफ्तार करने पर प्रेमी ने खुद के शादी शुदा होने का दावा किया। उसने पुलिस को बताया कि दिल्ली में बालाजी मंदिर में दोनों शादी कर चुके हैं। उसने कहा कि लड़की नाबालिग है, इसलिए कोर्ट में शादी नहीं की। बता दें कि इससे पहले भी दो बार नाबालिग को भगा ले गया था। इस मामले में नालंदा के कतरी सराय थाने में चंदन के खिलाफ अपहरण का केस भी दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद रांची पुलिस ने इसकी सूचना नालंदा पुलिस को दे दी है। नालंदा से पुलिस टीम के पहुंचने की सूचना है।
एक शादी में लड़की से हुई थी मुलाकात
पुलिस को चंदन ने बताया कि 2017 में चचरे भाई की शादी में लड़की से मुलाकात हुई थी। दोनों ने एक दूसरे का मोबाइल नंबर लिया। फिर बातचीत होने लगी। लड़की के परिजनों को जब इसकी भनक लगी, तो उसे दिल्ली स्थित अपने पिता के पास भेज दिया गया। लेकिन लड़के ने पीछा नहीं छोड़ा। दोनों छुपछुप कर मोबाइल से बात किया करते थे। छह दिसंबर, 2020 को चंदन दिल्ली पहुंचा और पिता के घर से नाबालिग को भगा कर बालाजी मंदिर ले गया। वहां दोनों ने शादी की। काफी प्रयास के बाद परिजनों ने नाबालिग को ढूंढ़ा। फिर नाबालिग को दिल्ली से रांची अपने मां के पास भेज दिया था।