झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने होटवार जेल में 20 वर्षीय युवक के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा और उसकी शिकायत फाड़े जाने का मामला उठाते हुए जिम्मेदार जेल अधिकारियों को हटाने और आरोपी बंदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में न जेल सुरक्षित है, न पुलिस थाना और न ही विधायक आवास। उन्होंने विभिन्न जिलों में घटी आपराधिक घटनाओं का ब्योरा देते हुए शासन तंत्र की विफलता पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
विज्ञापन
होटवार जेल और थाना मामलों पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने होटवार जेल में 20 वर्ष के एक युवक के साथ हुई सामूहिक यौन हिंसा का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई लिखित शिकायत को मौके पर फाड़ दिया गया। मरांडी ने इस घटना के जिम्मेदार जेल अधिकारियों को तुरंत पद से हटाने और आरोपी बंदियों को किसी दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने सरायकेला के गम्हरिया थाना में न्याय मांगने पहुंची महिला के साथ हुए दुष्कर्म का उल्लेख किया। उन्होंने लातेहार के बरियातू थाना और सरायकेला के कपाली ओपी में आदिवासी महिलाओं के साथ हुई पिटाई की घटनाओं को भी उजागर किया।
विधायक पर आरोप और हिरासत में मौत
सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग से दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने के गंभीर आरोपों की चर्चा करते हुए बाबूलाल मरांडी ने बताया कि पीड़िता ने स्वयं उनसे मिलकर अपनी आपबीती साझा की है। उन्होंने आरोपी विधायक का बचाव करने वाले कांग्रेस नेताओं और खबर उजागर करने वाले पत्रकार पर दर्ज प्राथमिकी की कड़ी आलोचना की। इसके अलावा, पलामू और देवघर में पुलिस हिरासत के दौरान हुई मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।