झारखंड हाईकोर्ट ने वाणिज्य कर विभाग के 28 लिपिकों के तबादले का आदेश रद्द कर दिया है। जस्टिस दीपक रोशन की पीठ ने कहा कि विभागीय कार्यवाही और कदाचार के निष्कर्ष के बिना सामान्य तबादले की आड़ में की गई कार्रवाई दंडात्मक प्रकृति की है। अदालत ने इसे कानूनन अमान्य करार दिया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य के वाणिज्य कर विभाग के 28 लिपिकों के तबादले का आदेश रद्द कर दिया है। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस दीपक रोशन की पीठ ने आदेश में स्पष्ट किया कि बिना किसी विभागीय कार्यवाही और कदाचार के निष्कर्ष पर पहुंचे बिना सामान्य तबादले की आड़ में उठाया गया यह कदम दंडात्मक प्रकृति का है, जो कानूनन टिकने योग्य नहीं है।
विज्ञापन
दंडात्मक तबादला अमान्य
अदालत ने अपने निर्णय में कहा कि इस प्रकार का दंडात्मक तबादला कर्मचारियों के कॅरिअर पर दूरगामी और प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। इसलिए उप सचिव द्वारा जारी किया गया यह स्थानांतरण आदेश शून्य और अमान्य माना जाएगा। हालांकि, पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि वाणिज्य कर विभाग अपनी निर्धारित तबादला नीति के तहत नियमानुसार कर्मचारियों के स्थानांतरण के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है।
यह मामला उप सचिव (वाणिज्य कर विभाग) द्वारा 9 जुलाई को जारी आदेश से संबंधित है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने बताया कि देखने में यह आदेश सामान्य प्रतीत होता है, लेकिन यह मुख्य सचिव के 28 अप्रैल के पत्र और स्थापना समिति की बैठक के निर्णय पर आधारित था।
विज्ञापन
चार सप्ताह में वापसी का निर्देश
मुख्य सचिव के पत्र में राज्य के विभिन्न जिला कार्यालयों में वेतन मद में कोषागार के माध्यम से अवैध निकासी, कर्मचारी विवरण में छेड़छाड़, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अन्य खातों में राशि अंतरण जैसी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। इसी पत्र के आधार पर तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों का तबादला करने का निर्देश दिया गया था।
अदालत ने माना कि 28 अप्रैल के पत्र में गंभीर आरोप निहित थे और उन्हीं के आधार पर स्थापना समिति ने तबादले का निर्णय लिया था। उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि सभी याचिकाकर्ताओं को तत्काल और हर हाल में चार सप्ताह के भीतर उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजा जाए।