झारखंड के गिरिडीह जिले के देवरी इलाके में युवक के घर के बाहर गाय का मृत बछड़ा मिलने के बाद बवाल मच गया। हिंसक भीड़ ने आग- बबूला होकर उस युवक की बेहरमी से पिटाई की। मगर जब इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसके घर को भी आग के हवाले कर दिया।
घटना बिरिया हटियाटंद गांव की है। पीड़ित युवक की पहचान उस्मान अंसारी के रूप में की गई है। घटना के बाद लोगों में रोष इतना अधिक फैल गया कि इलाके में फायरिंग होने के बाद पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर गौहत्या के आरोपी अंसारी और उसके परिवार को हिंसक भीड़ से बचाया। लोगों का रोष इस कदर था कि जब पुलिस ने घायल अंसारी को हॉस्पीटल ले जाने लगी तो भीड़ ने उसका भी विरोध किया।
लोगों का आक्रोश और स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को लाठीचार्ज के साथ कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने काफी मशक्कत करने के बाद बंधक बनाये गये व्यक्ति व उसके घरवालों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। हवाई फायरिंग से भीड़ तो भाग गयी, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।