कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को झारखंड में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में विचारधाराओं का चुनाव है। एक तरफ इंडिया गठबंधन है जो संविधान की रक्षा कर रहा है और गरीबों और आदिवासियों की सरकार चलाना चाहता है। दूसरी तरफ वो ताकतें हैं जो संविधान को कुचलना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं ने भी कहा है कि वह संविधान बदलना चाहते हैं। हम जाति जनगणना कराएंगे। इसके जरिये हम 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को हटाएंगे। झारखंड में हम एसटी आरक्षण को 26% से बढ़ाकर 28%, एससी आरक्षण को 10% से बढ़ाकर 12% और ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि आज किसानों के लिए धान का एमएसपी 2400 रुपये प्रति क्विंटल है। हमारी सरकार बनेगी, तो झारखंड के किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल देगी। अगले 5 साल में हम 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का प्रयास करेंगे। 1.36 लाख करोड़ रुपये झारखंड सरकार के हैं, केंद्र सरकार यह पैसा नहीं दे रही है। यह जमीन मुआवजे का पैसा है, कोयले की रॉयल्टी का पैसा है और भाजपा सरकार झारखंड के खिलाफ काम कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में क्या हो रहा है, यह सभी जानते हैं। प्रधानमंत्री अभी तक वहां नहीं गए हैं। मैं मणिपुर गया हूं। हमने सरकार से हिंसा रोकने को कहा है। वहां किसी का स्वार्थ निहित है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि UPA और कांग्रेस जाति जनगणना का विचार लेकर आए थे। हमारी गलती है कि तब हमने इसको लागू नहीं किया। तेलंगाना में हमारी सरकार है और कर्नाटक में भी हमारी सरकार है। यहां हम इसका विस्तृत अभ्यास कर रहे हैं। हम सार्वजनिक चर्चा के माध्यम से जाति जनगणना के प्रश्न तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जाति जनगणना के लिए हमारे पास बहुत स्पष्ट दृष्टिकोण है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि हम जाति जनगणना लागू करेंगे। यह इस देश के परिवर्तन और विकास में एक बहुत बड़ा कदम होगा। भाजपा के लोगों को यह भी नहीं पता कि यह कैसे करना है। भले ही वे इसे करना चाहते हों।
झारखंड में दो चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव
झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इसके तहत पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोट डाले गए। वहीं दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि विधानसभा चुनाव के परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। राज्य में फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में कांग्रेस और राजद का गठबंधन पांच साल से सरकार में है। वहीं विपक्ष में भाजपा और आजसू का गठबंधन है। हालांकि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने एनडीए सहयोगियों को भी कुछ सीटें दी है, जिसमें आजसू के साथ-साथ जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी शामिल हैं। वहीं राज्य के सत्ताधारी गठबंधन को लेफ्ट की पार्टियों का भी समर्थन प्राप्त है।