Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: वीडियो में दिखाया गया कि झामुमो के समर्थक के घर पर जेएमएम का बैनर लगा है। इसमें हेमंत सोरेन जैसी तस्वीर वाला एक पोस्टर भी दिखाया गया है, इस पर लिखा है पूरे झारखंड की काया पलट कर देंगे। वीडियो में कथित तौर पर एक खास समुदाय के सैकड़ों लोग बिना बताए घर में घुसते हैं और कब्जा कर लेते हैं।
सोशल मीडिया पर भाजपा झारखंड की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो का चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है। कांग्रेस और झामुमो की ओर से मिली शिकायत के बाद आयोग ने राज्य चुनाव आयुक्त को वीडियो को हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही झारखंड भाजपा को नोटिस जारी करके जवाब तलब किया है।
विज्ञापन
रविवार को झारखंड भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो को लेकर झामुमो और कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की। शिकायत के मुताबिक वीडियो में दिखाया गया कि झामुमो के समर्थक के घर पर जेएमएम का बैनर लगा है। इसमें हेमंत सोरेन जैसी तस्वीर वाला एक पोस्टर भी दिखाया गया है, इस पर लिखा है पूरे झारखंड की काया पलट कर देंगे। वीडियो में कथित तौर पर एक खास समुदाय के सैकड़ों लोग बिना बताए घर में घुसते हैं और कब्जा कर लेते हैं।
इसे लेकर झामुमो और कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया गया कि झारखंड भाजपा की ओर से पोस्ट किया गया वीडियो निराधार आरोपों और झूठ से भरा हुआ है। इसका उद्देश्य झामुमो और उसके नेताओं के खिलाफ नफरत और दुश्मनी की भावना पैदा करके मतदाताओं को प्रभावित करना है।
विज्ञापन
इस मामले में चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी को मामले में कार्रवाई करने और भाजपा झारखंड को पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो को हटाने का निर्देश देने के लिए कहा गया। साथ ही पोस्ट में आचार संहिता उल्लंघन को लेकर नोटिस देकर जवाब मांगने के लिए कहा गया है।
झारखंड में दो चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव
झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। इसके तहत पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोट डाले गए। वहीं दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि विधानसभा चुनाव के परिणाम 23 नवबंर को आएंगे। राज्य में फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में कांग्रेस और राजद का गठबंधन पांच साल से सरकार में है। वहीं विपक्ष में भाजपा और आजसू का गठबंधन है। हालांकि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने एनडीए सहयोगियों को भी कुछ सीटें दी है, जिसमें आजसू के साथ-साथ जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी शामिल हैं। वहीं राज्य के सत्ताधारी गठबंधन को लेफ्ट की पार्टियों का भी समर्थन प्राप्त है।