झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी राजनीति से इतर अलग मुसीबत में फंस गए हैं। बेटे की शादी नाबालिग से कराने के मामले में अब उनके और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। मुकदमे में उनके समधी का भी नाम शामिल है।
वहीं मुकदमे में ताला मरांडी का नाम आते ही विपक्षी कांग्रेस समेत तमाम विरोधियों ने मरांडी के बहाने भाजपा को घेर लिया है। कांग्रेस ने जहां उन्हें पद से हटाने की मांग की है वहीं झामुमो ने तो हाइकोर्ट से इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की है। दूसरी ओर मुन्ना मरांडी एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण के मामले में भी फंस सकते हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही झारखंड भाजपा के अध्यक्ष ताला मरांडी और उनका बेटा मुन्ना मरांडी उस समय चर्चाओं में आ गए थे जब एक नाबालिग लड़की ने मुन्ना पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। मुन्ना की 28 जून को ममता हंसदा से शादी होनी थी उससे पहले ही नाबालिग ने ये आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया। लड़की का कहना था कि मुन्ना शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा।