झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोरोना संक्रमित विधायक इंद्रजीत महतो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनका फेफड़ा संक्रमित हो गया है। कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें 12 अप्रैल को विधायक को धनबाद के एशियन जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दाैरान चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद शनिवार को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद भेजा गया। हैदराबाद में यशोदा अस्पताल में विधायक का इलाज डॉ. अपार जिंदल की देखरेख में होगा। डॉ. जिंदल फेफड़ा रोग के विशेषज्ञ हैं।
मधुपुर विधानसभा उपचुनाव प्रचार के दाैरान भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो संक्रमित हो गए थे। इसके बाद उनका इलाज एशियन जालान अस्पताल धनबाद में चल रहा था। इलाज के बाद कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन फेफड़ा संक्रमित हो गया। ऑक्सीजन लेवल भी सामान्य से नीचे चला गया। इसे देखते हुए चिकित्सकों ने बाहर ले जाने की सलाह दी है।
मौसम ने डाली बाधा
विधायक इंद्रजीत महतो को शनिवार को एंबुलेंस से जालान अस्पताल से बोकारो के लिए रवाना किया गया है। बोकारो हवाईअड्डा पर विधायक इंद्रजीत और उनका परिवार एंबुलेंस में ही काफी देर तक एयर एंबुलेंस आने का इंतजार करते रहे, लेकिन खराब माैसम के कारण एयर एंबुलेंस बोकारो हवाईअड्डा पर लैंड नहीं कर सका। इसके बाद विधायक को एंबुलेंस से रांची हवाईअड्डा पर ले जाया गया। रांची हवाईअड्डा से विधायक को शनिवार की शाम हैदराबाद के लिए एयर एंबुलेंस से एयरलिफ्ट किया गया। इस दौरान धनबाद विधायक राज सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष संजय झा, बोकारो भाजपा जिलाध्यक्ष भरत यादव हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। जिला उपाध्यक्ष संजय झा के मुताबिक, विधायक ऑक्सीजन मास्क लगाए हुए हैं और कार्यकर्ताओं व नेताओं का एंबुलेंस के अंदर से अभिवादन किया।
शिक्षा मंत्री का इलाज कर चुके हैं डॉ. जिंदल
झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के फेफड़ा संक्रमित होने के बाद चेन्नई के एमजीएम अस्पताल के डॉ. अपार जिंदल ने इलाज किया। कृत्रिम फेफड़ा लगाकर शिक्षा मंत्री की जान बचाई गई। जगरनाथ महतो फेफड़े के प्रत्यारोपण के बाद फिलहाल चेन्नई में ही स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। डॉ. अपार जिंदल इन दिनों एमजीएम अस्पताल के बजाय हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में अपनी सेवा दे रहे हैं। उनके बात करने के बाद सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो को हैदराबाद शिफ्ट किया गया।