झारखंड में पांच चरणों में चुनाव हो चुके हैं। वोटों की गिनती शुरू हो गई है। दोपहर तक सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी इसका फैसला हो जाएगा। यहां भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के गठबंधन बीच अहम लड़ाई है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान 37 सीटें जीती थीं। इस बार पार्टी ने 'अबकी बार 65 पार' का नारा दिया था। एग्जिट पोल के अनुसार सत्ताधारी पार्टी के लिए जेएमएम, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) मुश्किलें खड़ी कर सकती है। हालांकि शुरुआती रुझान में भाजपा और जेएमएम के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है।
आदिवासी बहुल राज्य झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और झारखंड विकास मोर्चा- प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) चुनाव के मैदान में उतरीं मुख्य पार्टियां है।
रघुबर दास ने मुख्यमंत्री के तौर पर 2014 में शपथ ली थी। तब भाजपा ने राज्य में 37 सीटें जीती थीं और पांच सीटे जीतने वाली आजसू के साथ गठबंधन करके राज्य में सरकार बनाई थी। हालांकि आजसू ने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ दिया और वह इस बार अकेले चुनाव मैदान में उतरी है।