हेमंत कैबिनेट में कृषि मंत्री बादल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। बादल ने ट्वीट किया, "सभी राज्यवासियों को जोहार, मैंने कल अपना कोरोना जांच कराया, जिसकी रिपोर्ट देर रात्रि पॉजिटिव आई है। विगत कुछ दिनों में जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं उनसे विनम्र अनुरोध है कि वे अपनी जांच करा लें। आप सभी से अनुरोध है, घर पर रहें, सुरक्षित रहें।"
13 और मरीजों की मौत, संक्रमितों का आंकड़ा 29 हजार के पार
राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 13 मरीजों की मौत होने के साथ ही शनिवार को मृतकों की संख्या 310 तक पहुंच गई। वहीं, 907 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29,103 हो गई है।
राज्य में कुल 29,103 कोविड-19 मरीजों में से 19,186 अब तक ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा 9,607 संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। जबकि 310 लोगों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को रांची से 188, पूर्वी सिंहभूम से 150, प. सिंहभूम से 81, बोकारो से 73,पलामू से 54, रामगढ़ से 33, सरायकेला से 32, धनबाद से 30, जामताड़ा से 26, लातेहार, हजारीबाग से 23-23, गढ़वा से 22, गिरिडीह से 21,दुमका से 17, कोडरमा से 15, देवघर से 12,गोड्डा, गुमला, सिमडेगा व खूंटी से 11-11, पाकुड़ से 10, लोहरदगा से आठ, साहिबगंज से पांच व चतरा से पांच पॉजिटिव मिले।
अब तक 55 लाख से ज्यादा नमूनों की हो चुकी है जांच
शनिवार को राज्यभर में कोरोना की जांच के लिए 13,251 सैंपल लिए गए। जिसमें से 11,434 की जांच हुई है। अब तक 55,88,09 सैंपल लिए गए हैं और 55,33,56 की जांच हो चुकी है। 5453 सैंपल बैकलॉग हैं।
शिबू सोरेन और उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को इसकी पुष्टि ट्वीट की थी। उन्होंने ट्वीट में कहा कि 'बाबा व उनकी मां कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।'