झारखंड सरकार ने राज्य की खनन सचिव पूजा सिंघल को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में निलंबित कर दिया है। वहीं सीए सुमन कुमार को चार दिन की ईडी की हिरासत में भेजा गया है। ईडी को उनके घर से करीब 19 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई थी। इससे पहले ईडी ने IAS पूजा सिंघल को भी बुधवार को गिरफ्तार किया था। ईडी ने पूजा सिंघल को पांच दिन की हिरासत में भेजा है। पूजा सिंघल पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। उन पर मनरेगा, कोयला ब्लॉक, खदान, खनिज विभागों में घोटाले का भी आरोप है। पूजा सिंघल और सुमन कुमार को 16 मई को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
ईडी ने पूजा सिंघल को बुधवार रात गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें जेल भेजा गया। बताया जा रहा है, यहां पूजा सिंघल की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल के डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। बताया जा रहा है कि अब उनकी तबीयत स्थिर बनी हुई है। दरअसल, कुछ दिन पहले ईडी ने पूजा सिंघल से जुड़े 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान उनके सीए सुमन कुमार के घर से 19 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई थी। इसके अलावा पूजा सिंघल के घर और उनके पति अभिषेक झा के अस्पताल से भी कई संदिग्ध दस्तावेज मिले थे।
इससे पहले सिंघल बुधवार सुबह करीब 10.40 बजे रांची के हिनू इलाके में एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं। वहीं, वह मंगलवार को भी ईडी के कार्यालय में करीब नौ घंटे तक मौजूद रहीं थीं, जहां उनका बयान दर्ज किया गया था। दरअसल, ईडी ने नौकरशाह, उनके पति, उनसे जुड़ी संस्थाओं और अन्य के खिलाफ छह मई को झारखंड और कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी। मामले में सात मई को चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया था।